ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिला न्यायालय परिसर के मध्यस्थता कक्ष में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, मॉनिटरिंग सेल, नेशनल लोक अदालत एवं हिट एंड रन मामलों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खिलावन राम रिगरी ने की।
बैठक में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की व्यापक भागीदारी रही, जिसमें कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अंडर ट्रायल मामलों पर विशेष जोर
बैठक में लंबे समय से विचाराधीन बंदियों के मामलों की गहन समीक्षा की गई। ऐसे बंदी जिनकी जमानत हो चुकी है लेकिन शर्तें पूरी नहीं कर पा रहे हैं या जिन्होंने सजा की अधिकतम अवधि के बराबर समय जेल में बिताया है, उनके मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
न्यायाधीश ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र बंदियों को विधि अनुसार शीघ्र राहत दी जाए और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही आगामी 21, 22 और 23 अगस्त को आयोजित होने वाले विशेष लोक अदालत (समाधान समारोह) पर भी चर्चा हुई।
मॉनिटरिंग सेल: निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश
मॉनिटरिंग सेल की बैठक में नए जिला एवं सत्र न्यायालय भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
पीड़िताओं एवं बच्चों के लिए सुविधायुक्त, वातानुकूलित एवं सुरक्षित कक्ष निर्माण पर भी विशेष चर्चा हुई, जिससे उन्हें बेहतर वातावरण मिल सके।
नेशनल लोक अदालत: अधिक मामलों के निराकरण का लक्ष्य
09 मई 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक राजस्व मामलों को शामिल कर उनके त्वरित निपटारे पर जोर दिया गया।
इसके अलावा 18 जुलाई 2026 को चेक बाउंस (धारा 138 एनआई एक्ट) मामलों के निपटारे के लिए विशेष पहल करने पर भी चर्चा की गई।
हिट एंड रन मामलों में मुआवजा प्रक्रिया पर जोर
हिट एंड रन मामलों में अज्ञात वाहनों से हुई दुर्घटनाओं के पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
पुलिस एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि आवश्यक दस्तावेज तैयार कर एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं। साथ ही जागरूकता शिविर एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।








