ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को योग सत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
योग सत्र के साथ हुई शुरुआत
शिविर का आगाज योग अभ्यास से किया गया, जिसमें अधिकारियों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
21 मई तक चलेगा शिविर
खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर 01 मई से 21 मई 2026 तक जिला मुख्यालय में संचालित होगा।
खेल के साथ कला और बौद्धिक गतिविधियां
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का भी निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें हस्तशिल्प, पेंटिंग, पॉटरी, लकड़ी शिल्प, योग, वैदिक गणित, नृत्य-संगीत, वादन, बोनसाई, बुके मेकिंग और पेपर आर्ट शामिल हैं।
कई खेलों में मिलेगा प्रशिक्षण
सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जूडो, कराते, आर्चरी, स्वीमिंग, कैरम और शतरंज जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण का समय और स्थान निर्धारित
प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7:30 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक आयोजित होगा, जबकि स्वीमिंग प्रशिक्षण सुबह 8 से 9 बजे तक होगा। विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं, जिनमें खेलो इंडिया सेंटर, विकास नगर स्टेडियम, मल्टीपरपज हॉल, नगरपालिका स्विमिंग पूल और टाउन हॉल शामिल हैं।
योग प्रशिक्षण सभी के लिए खुला
जिला आयुर्वेद विभाग द्वारा बंधा तालाब मैदान में प्रतिदिन योग प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं।
पंजीयन अनिवार्य
शिविर में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन प्रपत्र खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय तथा शिक्षा विभाग में उपलब्ध हैं।








