ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
गांव-गांव में लगेंगे राजस्व शिविर
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 अप्रैल को कोंडागांव, मर्दापाल, माकड़ी, फरसगांव, केशकाल एवं धनोरा तहसीलों के अनेक ग्राम पंचायतों में राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
विभिन्न राजस्व प्रकरणों का होगा समाधान
शिविरों के दौरान अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन जैसे प्रकरणों के साथ ही विवादित नामांतरण, खाता विभाजन एवं अभिलेख त्रुटियों के मामलों का भी निराकरण किया जाएगा। प्रशासन द्वारा सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रमाण पत्र एवं दस्तावेजों का त्वरित निराकरण
शिविर स्थल पर ही बी-1, खसरा, किसान किताब से संबंधित आवेदनों के साथ आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के आवेदनों का भी समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत
राजस्व पखवाड़ा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच बढ़ेगी और लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही उपलब्ध हो सकेगा। इससे पारदर्शिता और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।








