ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, लगातार हो रही बारिश के बीच भी अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह कम नहीं हुआ। विकास नगर स्टेडियम में शुक्रवार सुबह बारिश के बीच युवाओं ने खुले मैदान में फिजिकल ट्रेनिंग कर अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल पेश की।
बारिश के बीच मैदान में उतरे प्रशिक्षणार्थी
सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश होती रही। इसके बावजूद परिषद के पूर्व सैनिक प्रशिक्षकों के आह्वान पर सभी प्रशिक्षणार्थी समय पर मैदान पहुंचे। कीचड़ और पानी की परवाह किए बिना युवाओं ने स्ट्रेचिंग, दौड़, पुश-अप्स और पीटी सहित विभिन्न शारीरिक अभ्यास पूरे किए। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं के चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और उत्साह साफ दिखाई दिया।
‘मौसम नहीं, अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण’
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कहा कि मौसम चाहे जैसा भी हो, अनुशासन और स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रशिक्षण लेने से युवाओं की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक मजबूती भी बढ़ती है और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित होता है।
अभिभावकों ने भी सराहा युवाओं का जज्बा
प्रशिक्षण के दौरान मैदान के किनारे मौजूद अभिभावकों ने भी युवाओं के उत्साह की सराहना की। उनका कहना था कि शुरुआत में बारिश के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता थी, लेकिन उनका जोश और समर्पण देखकर विश्वास और गर्व दोनों बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण बच्चों को जीवन की चुनौतियों का सामना करना सिखा रहा है।
फिटनेस और अनुशासन का दिया संदेश
परिषद ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में, जब अधिकांश बच्चे मोबाइल और टीवी तक सीमित होते जा रहे हैं, ऐसे समय में युवा खुले मैदान में कठिन परिस्थितियों में अभ्यास कर फिटनेस और अनुशासन का प्रेरक संदेश दे रहे हैं। नियमित शारीरिक प्रशिक्षण से रोग प्रतिरोधक क्षमता, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का भी विकास होता है।
90 युवक-युवतियों ने लिया प्रशिक्षण
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर सहित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 90 युवक एवं युवतियां उपस्थित रहे।








