Buy Advt. Space

जिला कोंडागांव में अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए पुलिस का विशेष अभियान जारी

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, जिले में अवैध रूप से निवास कर रहे संदिग्ध प्रवासियों की पहचान एवं सत्यापन के लिए कोंडागांव पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय कार्यालय कोंडागांव, फरसगांव और केशकाल के समन्वय से संचालित यह अभियान 18 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा।

संवेदनशील स्थानों पर की जा रही सघन जांच

अभियान के तहत पुलिस उन सभी स्थानों पर विशेष निगरानी रख रही है, जहां संदिग्ध अवैध प्रवासियों के मिलने की संभावना है। इसके अंतर्गत ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंटों, औद्योगिक क्षेत्रों, कबाड़ी व्यवसायियों, गांव एवं शहरों के लेबर सरदारों तथा लेबर कॉन्ट्रैक्टरों के माध्यम से कार्य करने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।

रात्रिकालीन जांच अभियान भी तेज

पुलिस द्वारा रात के समय बस स्टैंड, रैन बसेरों, टेंट स्थलों तथा रेलवे लाइन के किनारे बनी झोपड़ियों में निवास करने वाले लोगों की भी सघन जांच और पहचान की कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

दस्तावेजों का किया जाएगा सत्यापन

जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाएंगे और जो अवैध रूप से निवास करते मिले, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से मांगा सहयोग

कोंडागांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना वैध दस्तावेजों के निवास करता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने कहा है कि आमजन के सहयोग से अभियान को अधिक प्रभावी बनाते हुए जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

Leave a Comment