ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोंडागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.837 किलोग्राम गांजा एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही थी विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी श्री रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और नाकाबंदी की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर की गई नाकाबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल में गांजा छिपाकर नारायणपुर से कोंडागांव की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-30 बायपास तिराहा नया बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 27 B 9652 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम अमित पोटाई निवासी बनचपाई बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमित पोटाई ने बताया कि वह गांजा कोंडागांव निवासी राजेश मण्डावी के कहने पर बेचने के लिए ला रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि राजेश मण्डावी और निहाल पाटील मिलकर शहर में गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री करते थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जब्त सामग्री की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.837 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये है, तथा करीब 50 हजार रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक निहार रंजन मंडल, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम, आरक्षक छेदीलाल नेताम, प्रभुलाल नेताम तथा साइबर सेल कोंडागांव से प्रधान आरक्षक हरेन्द्र कश्यप, आरक्षक संतोष कोडोपी, बिरजू सोड़ी एवं बलदेव सोड़ी का विशेष योगदान रहा।








