ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले के शिक्षित एवं अशिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र कोण्डागांव द्वारा 14 मई 2026, गुरुवार को एक दिवसीय प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला रोजगार कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
विभिन्न निजी संस्थानों में मिलेगी नौकरी का अवसर
प्लेसमेंट कैंप में विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों द्वारा कुल 954 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में कोण्डागांव सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्य करने के इच्छुक युवाओं को अवसर प्रदान किया जाएगा।
इन पदों पर होगी भर्ती
रोजगार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसकेवाई ऑटोमोबाइल कोण्डागांव द्वारा रिलेशनशिप मैनेजर एवं रिसेप्शनिस्ट के पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं सेल्फ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विसेस भिलाई द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर एवं लेबर के पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए कार्यस्थल रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ निर्धारित किया गया है।
तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र में भी अवसर
स्वतंत्रा माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं होम क्लीन सर्विस संस्था कोण्डागांव द्वारा इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर, सीसीटीवी सर्विस, पेंटर, कुक, पियून, बाइक मैकेनिक एवं ब्यूटीशियन जैसे विभिन्न तकनीकी एवं सेवा संबंधी पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
5वीं पास से स्नातक तक के लिए अवसर
इसके अतिरिक्त आशा एक उम्मीद की किरण संस्था द्वारा एचआर एग्जीक्यूटिव, स्टोरकीपर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, मैकेनिक, सुपरवाइजर, क्वालिटी ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, हाउसकीपिंग स्टाफ, सिलाई मशीन ऑपरेटर एवं हेल्पर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं स्नातक निर्धारित की गई है।
20 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता एवं अनुभव के आधार पर 6 हजार रुपये से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपनी समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल एवं छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने जिले एवं आसपास के बेरोजगार युवक-युवतियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।








