ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में हत्या के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए कोण्डागांव पुलिस ने चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना माकड़ी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी राजेन्द्र सोरी, निवासी भतवा, ने थाना माकड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने जीजा मेहन्दु मरकाम और पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से बालोण्ड से भतवा जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बागबेड़ा और खुड़ी के बीच अज्ञात व्यक्ति ने मोटरसाइकिल सवार मेहन्दु मरकाम पर ईंट से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मेहन्दु मरकाम की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, शुरू की जांच
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा और एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में थाना माकड़ी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने लगातार जांच की।
मुखबिर की सूचना पर संदेही धनीराम मण्डावी, निवासी खुड़ी, को ग्राम ओण्डरी से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने 09 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना माकड़ी और साइबर सेल की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का शीघ्र खुलासा हो सका।








