ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कोंडागांव शहर में खेल, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा देते हुए बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ने मंडी परिसर में कुल 4 करोड़ 69 लाख 77 हजार रुपए की लागत से बनने वाले 17 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
मिनी स्टेडियम से खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि संसाधनों के अभाव में खिलाड़ियों को अब तक कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन मिनी स्टेडियम निर्माण से उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खिलाड़ियों के लिए और भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने नागरिकों से निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इन्हें स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखने की अपील भी की।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और जनसहभागिता पर जोर
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को गति मिली है और सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत को लेकर किए गए आह्वान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से सहभागिता निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री के संकल्प से बस्तर माओवाद मुक्त हुआ है और वर्ष 2030 तक बस्तर को देश का सबसे विकसित संभाग बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर पालिका प्रतिनिधियों ने जताया आभार
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने मिनी स्टेडियम को खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब तक एक ही मैदान में विभिन्न खेल और अन्य गतिविधियों के आयोजन से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक लता उसेंडी का आभार व्यक्त किया।
मिनी स्टेडियम सहित कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में 195.55 लाख रुपए की लागत से मिनी स्टेडियम निर्माण, विभिन्न वार्डों में डोम शेड निर्माण, गार्डन निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, सीसी रोड, नाली निर्माण, सांस्कृतिक भवन, सड़क चौड़ीकरण तथा स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष निर्माण शामिल हैं।
इन विकास कार्यों से शहरवासियों को खेल, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा तथा शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्री मनोज जैन, श्री अनिल अग्रवाल, श्री दयाराम पटेल, श्री संतोष पात्र, सुश्री सोनामणि पोयाम, श्री जितेंद्र सुराना, श्री जैनेंद्र ठाकुर, श्री अश्वनी पांडे, श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, श्रीमती ईना श्रीवास्तव, श्रीमती ननकी वैष्णव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।








