ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले के श्रमिकों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में क्षेत्रीय विधायक लता उसेंडी ने जिला मुख्यालय के भगत सिंह वार्ड में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मजदूर संघ भवन का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण से जिले के मजदूरों को बैठक, संगठन और विभिन्न गतिविधियों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ
विधायक लता उसेंडी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मजदूर समाज को बताया विकास की रीढ़
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ होते हैं और उनके हितों की सुरक्षा व सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह भवन सिर्फ एक बैठक स्थल नहीं, बल्कि मजदूर संगठन को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा।
श्रमिकों को मिलेगा स्थायी मंच
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार मजदूर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। इस भवन के निर्माण के बाद श्रमिकों को अपने अधिकारों, समस्याओं और योजनाओं पर चर्चा करने के लिए एक स्थायी मंच मिलेगा।
श्रमिकों ने जताया आभार
कार्यक्रम में मौजूद श्रमिकों ने लंबे समय से संघ भवन की मांग पूरी होने पर विधायक का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि जिले में मजदूरों के लिए ऐसे भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने की बोर खनन की घोषणा
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने मजदूर संघ भवन परिसर में बोर खनन कराने की घोषणा की, जिससे भवन में पानी की सुविधा उपलब्ध हो सके।
विधायक का मनाया जन्मदिन
मजदूर संघ ने भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर उनका जन्मदिन भी मनाया।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर मनोज जैन, दयाराम पटेल, अश्वनी पांडे, ननकी वैष्णव, पार्षद सोनामणि पोयाम, बंटी नाग, नागेश देवांगन, ललित देवांगन, रसिकलाल, बालकृष्ण सेठिया सहित बड़ी संख्या में मजदूर और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








