Buy Advt. Space

जिले में पहली बार आयोजित हुई जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट-2026

By

डिजिटल माध्यम से कोण्डागांव की पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर जोर

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव,जिला प्रशासन कोण्डागांव द्वारा जिले में पहली बार जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट-2026 का आयोजन स्थानीय ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की जनजातीय संस्कृति, पर्यटन, बेलमेटल शिल्प, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों एवं सकारात्मक पहलों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाना था।

सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग समय की जरूरत

मुख्य अतिथि विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को सकारात्मक कार्यों से जोड़ने और कोण्डागांव की पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने के बाद पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

बदलते बस्तर में युवाओं के लिए नए अवसर

नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि बस्तर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया का रचनात्मक एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग कर भविष्य संवारने का आह्वान किया।

एआई और साइबर सुरक्षा पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोशल मीडिया समाज और व्यक्तिगत विकास का सशक्त माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग तथा साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

विशेषज्ञों ने साझा किए सफल कंटेंट क्रिएशन के अनुभव

कार्यक्रम में सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स यशवंत साहू, जीतू आर्या, दीपक पटेल एवं काजल श्रीवास ने पैनलिस्ट के रूप में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदारीपूर्वक कंटेंट तैयार करने, सकारात्मक संदेश प्रसारित करने तथा सोशल मीडिया का रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

वृक्षारोपण और प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान

कार्यक्रम से पूर्व सभी अतिथियों ने ऑडिटोरियम परिसर में वृक्षारोपण किया। उद्योग विभाग के सहायक संचालक वीरेंद्र टांडेकर ने एआई के उपयोग पर जानकारी दी, जबकि एसडीओपी अभिनव उपाध्याय ने साइबर अपराध एवं डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए।

इस अवसर पर आयोजित कंटेंट क्रिएशन प्रतियोगिता में पर्यटन, व्यवसाय, मोरल स्टोरी टेलिंग तथा शिल्प एवं कला श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, विभिन्न जनप्रतिनिधि, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Comment