सीईओ जिला पंचायत ने 231 संकुल समन्वयकों की बैठक लेकर शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने जिले के 231 संकुल समन्वयकों की बैठक लेकर शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का अपार/एमबीयू बनाने के निर्देश
बैठक में विद्यार्थियों के अपार/एमबीयू निर्माण में आ रही समस्याओं का निराकरण करते हुए शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का अपार/एमबीयू तैयार करने के निर्देश दिए गए। बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने में अभिलेख संबंधी कठिनाइयों के निराकरण के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर प्रमाण पत्र शीघ्र बनवाने को कहा गया।
381 शाला त्यागी बच्चों का सर्वे कर स्कूल में दिलाएं प्रवेश
जिले में स्कूल नहीं आने वाले एवं शाला त्यागी 381 बच्चों का सर्वे कर उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इन बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ते हुए उनका स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा गया। व्यावसायिक शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए संचालित ट्रेड में अधिक से अधिक प्रवेश सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी जोर दिया गया।
पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में बताया गया कि जिले में शत-प्रतिशत पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश प्राप्त हो चुके हैं। सीईओ जिला पंचायत ने पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग के बाद ही वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विद्यालयों में आवश्यकता से अधिक पाठ्यपुस्तकें हैं, वहां से उन्हें आवश्यकता वाले अन्य विद्यालयों में समायोजित करने को कहा गया। शिक्षकों की वीएसके उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बालिकाओं को समय-सीमा में साइकिल वितरण पर जोर
सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा नवमीं में अध्ययनरत बालिकाओं को निर्धारित समय-सीमा में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विद्यालयों की निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
पोषण वाटिका और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश
पोषण वाटिका वाले विद्यालयों में सब्जियों सहित अन्य उपयोगी पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा उसकी प्रविष्टि पोर्टल पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
जर्जर स्कूल भवनों में विद्यार्थियों को नहीं बैठाने के निर्देश
जर्जर एवं अति जर्जर विद्यालय भवनों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए वीबीग्राम के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अति जर्जर भवनों में विद्यार्थियों को नहीं बैठाने के लिए भी स्पष्ट निर्देश दिए गए।
स्मार्ट क्लास के उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
स्मार्ट क्लास संचालित विद्यालयों में टीवी एवं अन्य उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। अधिकारियों को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
231 संकुल समन्वयक रहे उपस्थित
बैठक में जिला मिशन समन्वयक श्री ईमल बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जगमोहन भोयर सहित जिले के सभी 231 संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।








