Buy Advt. Space

पेट्रोल-डीजल संकट पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा जमकर

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव में पेट्रोल-डीजल को लेकर बने हालात पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद देशभर में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।

“मोदी सरकार ने जनता को लाइन में खड़ा कर दिया”

नरेंद्र देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोग पेट्रोल-डीजल संकट की आशंका से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि कई पेट्रोल पंपों के ड्राई होने से लोगों में डर और बढ़ गया है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार के पास पर्याप्त स्टॉक है तो सप्लाई व्यवस्था सुचारू क्यों नहीं हो पा रही है।

“रेट बढ़ाने से पहले रचा गया संकट का माहौल”

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने की तैयारी में थी, इसलिए पहले संकट का माहौल बनाया गया।

उन्होंने कहा,
“यह मोदी सरकार का नया फॉर्मूला है — पहले डर फैलाओ, फिर जेब काटो।”

बस्तर में किसानों और आदिवासियों की परेशानी बढ़ी

नरेंद्र देवांगन ने कहा कि बस्तर संभाग में डीजल की कमी से किसान और आदिवासी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। धान और मक्का मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि ट्रैक्टर, पिकअप और बसें खड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि महुआ और इमली सीजन के दौरान वनोपज संग्राहकों को भी बाजार तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का भी उठाया मुद्दा

कांग्रेस ने पेट्रोल की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए। नरेंद्र देवांगन ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 78 डॉलर प्रति बैरल है, तब भारत में पेट्रोल 107 रुपये लीटर क्यों बिक रहा है।

नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन का भी किया जिक्र

कांग्रेस नेता ने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन के समय भी जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार देश की जनता को लाइन में खड़ा होना पड़ा।

निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप

नरेंद्र देवांगन ने सवाल उठाया कि जब कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो रहा है, तब निजी कंपनियों के डिपो में पर्याप्त स्टॉक क्यों मौजूद है। उन्होंने इसे चुनिंदा उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश बताया।

“बस्तर की जनता सब हिसाब रख रही है”

अंत में नरेंद्र देवांगन ने कहा कि बस्तर की जनता मौजूदा परिस्थितियों को देख रही है और आने वाले विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों में इसका जवाब देगी।

Leave a Comment