ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं, निर्माण कार्यों और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन और सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर मुन्ने और सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का भी प्रभावी ढंग से समाधान करने पर जोर दिया।
एग्रीस्टैक और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने एग्रीस्टैक योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को शिविर आयोजित कर शेष किसानों का समय-सीमा में पंजीयन पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, एचपीवी टीकाकरण पर विशेष जोर
बैठक में स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चिन्हित मरीजों की नियमित निगरानी और समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही 13 से 18 जुलाई तक चल रहे विशेष एचपीवी टीकाकरण पखवाड़े के दौरान पात्र महिलाओं एवं किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को दिए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर समीक्षा
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र भवन, छात्रावास, मर्दापाल एवं माकड़ी में निर्माणाधीन महाविद्यालय भवन, माकड़ी, फरसगांव, बड़ेराजपुर और केशकाल में बन रहे पुस्तकालयों तथा केशकाल बायपास मार्ग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता, राशन वितरण और स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी चर्चा
बैठक में सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा डोर-टू-डोर कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों से खाद्यान्न भंडारण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने दूरस्थ क्षेत्रों की उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अगले माह से शुरू होगी प्रीपेड स्मार्ट मीटर बिलिंग
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आगामी माह से सभी शासकीय कार्यालयों में स्थापित स्मार्ट मीटरों के माध्यम से प्रीपेड बिलिंग व्यवस्था शुरू की जाएगी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।








