ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व पखवाड़ा के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध एवं समुचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को त्वरित राहत मिल सके।
जनसमस्या निवारण शिविर के आवेदनों पर कार्रवाई
जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों पर भी संबंधित विभागों को समाधानपरक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
किसानों के लिए गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर
कलेक्टर ने आगामी फसल को ध्यान में रखते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और दवाई उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।
धान उठाव और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
धान उठाव की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को टीबी जांच और उपचार कार्यों को गंभीरता से करने के लिए कहा गया।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
पुल-पुलिया, विद्युतीकरण और अन्य अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री पोषण अभियान, जल जीवन मिशन और होम-स्टे योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








