ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, भीम आर्मी भारत एकता मिशन, छत्तीसगढ़ जिला कोंडागांव के तत्वावधान में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों को खाद-बीज, डीजल-पेट्रोल तथा कृषि संबंधी अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने सहित कई मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
किसानों की समस्याओं पर जताई चिंता
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में किसान खाद, बीज एवं अन्य कृषि संसाधनों की कमी, बढ़ती उत्पादन लागत तथा बाजार संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इन परिस्थितियों के कारण खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। संगठन ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए शासन-प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की।
खाद-बीज की उपलब्धता और कालाबाजारी रोकने की मांग
भीम आर्मी ने मांग की कि यूरिया, डीएपी एवं अन्य कृषि खाद किसानों को उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही खाद-बीज की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा नकली खाद-बीज बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
डीजल-पेट्रोल में राहत देने की मांग
ज्ञापन में खेती-किसानी में उपयोग होने वाले डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों को विशेष राहत एवं कृषि कार्यों के लिए अनुदान उपलब्ध कराने की मांग की गई।
एमएसपी पर खरीदी की गारंटी की मांग
संगठन ने धान एवं मक्का की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गारंटी के साथ खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैंकिंग व्यवस्था और कृषि ऋणों में सुधार की मांग
ज्ञापन में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं कृषि ऋणों में होने वाली अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने तथा किसानों को स्वीकृत ऋण राशि का पूर्ण लाभ प्रदान करने की मांग भी शामिल रही।
कोकड़ी मक्का प्लांट शुरू करने और बीमा योजना लागू करने की मांग
भीम आर्मी ने कोकड़ी मक्का प्लांट को शीघ्र प्रारंभ कर मक्का प्रसंस्करण एवं खरीदी व्यवस्था शुरू करने की मांग की। इसके अलावा फसल बीमा के साथ प्रत्येक किसान के लिए जीवन बीमा योजना लागू करने की मांग भी उठाई गई, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में किसान परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
किसानों के हित में शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा
ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान एवं उनके हितों की रक्षा के लिए प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष हेमसिंह मौर्य, जिला उपाध्यक्ष कंवल सिंह सोढ़ी, जिला प्रवक्ता पी.एल. विश्वकर्मा, जिला सचिव गौरीशंकर नाग, कोषाध्यक्ष बनी राम नेताम, मीडिया प्रभारी आशीष मौर्य, कैमरा मैन राजकुमार नेताम, झानकू सोढ़ी, बालेश्वर नाग सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








