Buy Advt. Space

चिखलपुटी में आंगन मिलन कार्यक्रम, पोषण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

By

विधायक लता उसेंडी की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं का हुआ सम्मान

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले में पोषण माह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत चिखलपुटी के आंगनबाड़ी केंद्र में 8 अक्टूबर को आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करना, आंगनबाड़ी सेवाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, जनपद सदस्य श्रीमती लीलावती नाग, सरपंच श्रीमती राजेश्वरी सोढ़ी तथा उपसरपंच श्री सुरेश राम मांझी की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में किया गया।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महिलाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान समाज और समुदाय के हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल स्वास्थ्य, बच्चों की देखभाल, पोषण और शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में भी समर्पण और सेवाभाव के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना और महतारी वंदन योजना की दी जानकारी

आंगन मिलन कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महतारी वंदन योजना के उद्देश्य, लाभ तथा पात्रता के संबंध में बताया गया।

महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त करने और संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

स्थानीय खाद्य पदार्थों से पौष्टिक आहार तैयार करने पर जोर

कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज, दालों, हरी सब्जियों और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उचित संयोजन से संतुलित आहार तैयार करने की जानकारी दी गई।

साथ ही बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से परिवारों को दैनिक आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीणों और विभागीय सेवाओं के बीच समन्वय की पहल

आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम ग्रामीण समुदाय और विभागीय सेवाओं के बीच समन्वय मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। इसके माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के समग्र विकास, शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment