ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, किसानों को खाद की कमी, डीजल उपलब्धता में परेशानी तथा धान खरीदी केंद्रों में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को लेकर जिला किसान कांग्रेस ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसान कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसानों द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
खाद की कमी से किसान परेशान
किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हीरालाल नेताम ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को खाद प्राप्त करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सरकार द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार प्रति एकड़ केवल 1 से 2 बोरी खाद उपलब्ध कराए जाने से बेहतर उत्पादन संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
डीजल उपलब्धता को लेकर भी उठाए सवाल
हीरालाल नेताम ने कहा कि खेती-किसानी के कार्यों के लिए किसानों को जरकिन में डीजल नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में किसानों को बार-बार ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को हर स्तर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धान खरीदी केंद्रों की जांच की मांग
ज्ञापन में धान खरीदी केंद्रों में हुए कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई है। किसान कांग्रेस का कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई होने से भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी।
आंदोलन की चेतावनी
किसान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। किसानों की समस्याओं से शासन-प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। यदि सरकार द्वारा किसान हित में त्वरित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस पदाधिकारी
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश पटेल, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हीरालाल नेताम, प्रदेश किसान कांग्रेस महासचिव एवं कार्यक्रम प्रभारी गजेंद्र सिन्हा, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष हरमोहन कोहली, प्रदेश सचिव सकुर खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन, जनपद सदस्य जेठू पोयाम, जयराम मरकाम, मंडल अध्यक्ष लखमू कोर्राम, पिलाराम बघेल, सेवक दीवान, सहदेव पोयाम, गोलू पोयाम, शहर उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, महामंत्री सन्नी चोपड़ा, लखी पोयाम, चुन्नीलाल नायक, धनशु नेताम, महिला शक्ति नीलू देवांगन, लेखनी प्रधान, रंजीता अग्रवाल सहित किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








