ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर थाना केशकाल पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केशकाल में रंगोली, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यबोध एवं सरदार पटेल के आदर्शों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और विचारों के माध्यम से सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं राज किशोर राठी, जनपद सदस्य हिडमो कुंजाम, राजकुमारी, पार्षद भूपेश चंद्राकर, पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय, विद्यालय के प्राचार्य राकेश विश्वकर्मा सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, रचनात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं।
पुलिस ने सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने का दिया संदेश
कार्यक्रम में एसडीओपी अरुण नेताम, थाना प्रभारी विकास बघेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, महिला प्रधान आरक्षक महेश्वरी शांडिल्य, आरक्षक दीपक ध्रुव, मनोहर निषाद, अजय सलाम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी विकास बघेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। युवाओं को उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में सालिनी निर्मलकर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिज्ञा मंडावी प्रथम रहीं, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में नादिया एवं मालती ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक कोंडागांव की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनजागरूकता अभियान आगे भी रहेगा जारी
थाना केशकाल पुलिस ने बताया कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रीय मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं कानून के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। ऐसे आयोजनों से पुलिस और समाज के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को और अधिक मजबूती मिलेगी।








