Buy Advt. Space

हायर सेकेंडरी स्कूल सूरडोंगर में थाना केशकाल पुलिस का जनजागरूकता अभियान

By

विद्यार्थियों को यातायात, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल श्री अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना केशकाल पुलिस द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल सूरडोंगर में जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने की समझाइश देते हुए सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय बताए गए। पुलिस ने अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता या एटीएम संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाना में सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला एवं बालिका सुरक्षा पर किया गया जागरूक

पुलिस अधिकारियों ने महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनसे संबंधित अपराधों की रोकथाम तथा उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। इसके साथ ही आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया।

जागरूक नागरिक बनने का किया आह्वान

कार्यक्रम के समापन पर थाना केशकाल पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक नागरिक बनें तथा अपने परिवार और समाज में भी यातायात सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा कर लोगों को जागरूक करें।

Leave a Comment