Buy Advt. Space

जगदलपुर नाका में नि:शुल्क पौधा वितरण केंद्र का हुआ शुभारंभ आज

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, जिले में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से वनमंडल कोण्डागांव द्वारा मंगलवार को जगदलपुर नाका चौक में नि:शुल्क पौधा वितरण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण अभियान से जुड़ सकें।

विधायक लता उसेंडी ने किया शुभारंभ

पौधा वितरण केंद्र का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने किया। उन्होंने फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का नागरिकों को वितरण करते हुए सभी से अपने घर, आंगन, खेत, विद्यालय तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

“पौधरोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी”

अपने संबोधन में विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेकर उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करे। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने हरित अभियान में सहभागिता की अपील की

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शासन के पर्यावरणीय अभियानों को सफल बनाने में आमजन की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।

वन विभाग करेगा लगातार पौधों का वितरण

वनमंडलाधिकारी श्री चूड़ामणि सिंह ने बताया कि वन विभाग जिलेभर में पौधरोपण, नि:शुल्क पौधा वितरण और जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि पौधा वितरण केंद्र के माध्यम से नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे जिले में वृक्षारोपण को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, श्री दीपेश अरोरा, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment