ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले में राज्य शासन के निर्देशानुसार “ज्ञान भारतम् अभियान” के तहत पांडुलिपियों (हस्तलिखित ग्रंथों) का सर्वेक्षण कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने ग्राम बड़े कनेरा का भ्रमण किया।
150 वर्ष पुरानी पांडुलिपियों का हुआ डिजिटलीकरण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती पन्ना ग्राम बड़े कनेरा निवासी श्री रामूराम यादव के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने लगभग 150 वर्ष पुरानी उड़िया भाषा में लिखित 8 प्राचीन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण कराया। ये पांडुलिपियां वर्षों से सुरक्षित रखी गई थीं।
कलेक्टर ने की संरक्षण के लिए सराहना
कलेक्टर ने श्री रामूराम यादव से पांडुलिपियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली और उन्हें इतने लंबे समय तक इन धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए सराहा।
जिलेवासियों से की अपील
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के पास प्राचीन पांडुलिपियां उपलब्ध हैं, तो इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दें, ताकि उनका संरक्षण और डिजिटलीकरण किया जा सके।
राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण पहल
“ज्ञान भारतम् अभियान” भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण, डिजिटलीकरण और ज्ञान के रूप में पुनर्जीवन करना है।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर ज्ञान भारतम् मिशन की जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया, सरपंच श्री प्रकाश चुरगिया सहित ग्राम के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।








