Buy Advt. Space

गोंडवाना समाज बैठक में भूमि हस्तक्षेप पर कड़ा विरोध

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । गोंडवाना समाज समन्वय समिति जिला कोंडागांव की एसडीएम के साथ आयोजित बैठक सार्थक एवं महत्वपूर्ण रही। बैठक में समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने गोंडवाना भवन के पीछे स्थित जमीन को लेकर अपनी बात मजबूती से प्रशासन के समक्ष रखी।

हजारों की संख्या में समाजजन रहे उपस्थित

बैठक में हजारों की संख्या में समाज के पदाधिकारी, रूढ़ि-प्रथा संचालन करने वाले गायता, पुजार्क तथा केशकाल, बड़ेराजपुर, माकड़ी, फरसगांव और कोंडागांव ब्लॉक के सगाजन शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर समाज के निर्णय का समर्थन किया।

आस्था का केंद्र है ‘पेन’ स्थल

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि पर वर्षों से “पेन” का स्थान स्थापित है, जो समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यह स्थल केवल जमीन नहीं, बल्कि गोंडवाना समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान से जुड़ा हुआ है।

भूमि हस्तक्षेप पर जताया कड़ा विरोध

बैठक में यह बात सामने आई कि प्रशासन द्वारा न्यायालय के आवासीय परिसर एवं आवागमन मार्ग के लिए उक्त भूमि पर हस्तक्षेप का प्रयास किया जा रहा है। इस पर समाज ने कड़ा विरोध दर्ज करते हुए स्पष्ट कहा कि बुमकाल में पारित प्रस्ताव के अनुसार समाज अपनी भूमि का एक इंच भी देने को तैयार नहीं है।

प्रशासन से संवेदनशीलता की अपील

समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि आस्था के इस केंद्र को सुरक्षित रखा जाए और किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप न किया जाए। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच संवाद सकारात्मक रहा, हालांकि समाज अपने निर्णय पर अडिग है।

धार्मिक भावनाओं के सम्मान की मांग

अंत में समिति ने प्रशासन से इस मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने और समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।

Leave a Comment