पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। छत्तीसगढ़ समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ ने शासन के 6 माह वेतन निर्णय के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। संघ का कहना है कि प्रदेशभर के 2739 धान उपार्जन केंद्रों में कार्यरत ऑपरेटर वर्षभर कार्य करते हैं, फिर भी उन्हें केवल 6 माह का वेतन देना अन्यायपूर्ण है। इस संबंध में संघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत मोहरे ने बताया कि धान खरीदी की तैयारी जुलाई से जनवरी तक चलती है और भुगतान प्रक्रिया कई महीनों तक जारी रहती है। इसके बावजूद शासन ने केवल 6 माह का भुगतान स्वीकृत किया है। संघ ने 4 सूत्रीय मांगें रखी हैं, जिनमें 12 माह वेतन, नियमितीकरण, धान में सुखत का प्रावधान और एफआईआर रोकने की मांग शामिल है।
24 अक्टूबर को सभी जिलों में रैली व ज्ञापन, 28 अक्टूबर को संभागीय धरना और 3 नवम्बर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू होगा। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 15 हजार से अधिक कर्मचारी आंदोलन को व्यापक बनाएंगे।








