Buy Advt. Space

फरसगांव में अवैध प्रवासियों के खिलाफ पुलिस का सघन अभियान

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवफरसगांव, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर फरसगांव पुलिस ने अवैध प्रवासियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को व्यापक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की 21 टीमें मैदान में उतरीं।

1200 से अधिक घरों और 160 से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच

एसडीओपी अभिनव उपाध्याय एवं डीएसपी सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने फरसगांव नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के साथ ही जुगानी कलार, जुगानी कैंप, पश्चिम बोरगांव, पूर्वी बोरगांव और सिगारपुरी क्षेत्र में घर-घर जाकर जांच की।

अभियान के दौरान पुलिस ने 1200 से अधिक घरों और 160 से अधिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की सघन चेकिंग की। इस दौरान बाहर से आकर क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई गई।

173 संदिग्धों से पूछताछ, दस्तावेजों का सत्यापन

पुलिस ने जांच के दौरान 173 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ एवं तस्दीक के लिए थाना फरसगांव लाया। यहां उनके पहचान पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

पुलिस द्वारा संबंधित थानों से एसएस रोल एवं एनओसी के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि थाना क्षेत्र में कोई अवैध प्रवासी अथवा संदिग्ध व्यक्ति अनधिकृत रूप से निवास तो नहीं कर रहा है।

मुसाफिर रजिस्टर में कराई गई बाहरी लोगों की एंट्री

अभियान के दौरान पुलिस ने बाहर से आकर क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मुसाफिर रजिस्टर में एंट्री कराई। साथ ही मकान मालिकों को समाधान ऐप डाउनलोड कराकर किरायेदारों एवं अन्य लोगों की जानकारी दर्ज करने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस ने मटन दुकान, नाई दुकान, कबाड़ी दुकान सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों को भी चिन्हांकित किया, जहां बाहरी अथवा असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी काम कर रहे हैं।

तस्दीक के बाद दी गई आवश्यक हिदायत

पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जिन लोगों की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता नहीं पाई गई, उन्हें आवश्यक हिदायत देकर छोड़ा गया।

अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था अभियान का उद्देश्य

पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य संदिग्ध एवं अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करना, अपराध नियंत्रण तथा क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करना है। फरसगांव पुलिस ने कहा कि इस तरह के सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

पुलिस ने आम लोगों से की अपील

फरसगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी, संदिग्ध फेरीवाला या अपरिचित व्यक्ति दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल थाना फरसगांव पुलिस को दें। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर भी सूचना दी जा सकती है।

पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment