Buy Advt. Space

नियमितीकरण सहित पांच मांगों पर कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, सर्व विभागीय दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी संघ, कोंडागांव के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को स्थानीय सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव को अपनी विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। संघ ने लंबे समय से लंबित नियमितीकरण सहित पांच प्रमुख मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

28 साल बाद भी नहीं हुआ नियमितीकरण

संघ के जिलाध्यक्ष श्री वीरेंद्र बघेल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि 1 जनवरी 1998 के बाद नियुक्त दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का आज तक नियमितीकरण नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि लगभग 28 वर्षों से कर्मचारी नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि कई कर्मचारी सेवानिवृत्ति की आयु के करीब पहुंच चुके हैं।

चुनावी वादों को पूरा करने की मांग

संघ ने कहा कि विभिन्न सरकारों द्वारा समय-समय पर नियमितीकरण के आश्वासन दिए गए, लेकिन यह केवल घोषणाओं तक ही सीमित रह गया। कर्मचारियों ने वर्तमान सरकार के 2023 विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र में किए गए नियमितीकरण के वादे का उल्लेख करते हुए उसे जल्द पूरा करने की मांग की।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

कर्मचारी संघ ने ज्ञापन में कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में उग्र आंदोलन की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को लगातार आश्वासन मिलते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पांच प्रमुख मांगें रखीं

ज्ञापन में कर्मचारियों ने पांच प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें वर्ष 1998 के बाद के सभी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, प्रतिमाह 4 हजार रुपये श्रम सम्मान राशि का भुगतान, ठेका प्रथा समाप्त करना, कार्य से पृथक किए गए कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति तथा विभागीय भर्तियों में लंबे समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों को प्राथमिकता देने की मांग शामिल है।

कई कर्मचारी रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष के साथ विजय ठाकुर, पंकज देवांगन, शैलेन्द्र ठाकुर, रंजीत बघेल, भुनेश्वर कोर्राम, सौरभ बंजारे, शुभम बंजारे, श्रीराम पटेल, धनसूराम कोर्राम, रामदाई नेताम सहित विभिन्न विभागों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment