Buy Advt. Space

दिशा समिति बैठक में विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने की। इस दौरान कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर बल दिया। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

प्राकृतिक आपदाओं और बिजली व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में प्राकृतिक आपदाओं एवं मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही जिले में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

सांसदों ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने धरती आबा योजना के अंतर्गत चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए तैयार कार्ययोजना की जानकारी ली तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।

किसानों और किशोरियों से जुड़े मुद्दों पर विशेष फोकस

केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने किसानों को निर्धारित दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा विद्युत संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी ने सभी पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया।

जल संरक्षण, स्वच्छता और सड़क निर्माण की समीक्षा

बैठक में वीबीजीरामजी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों को बढ़ावा देने, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बड़े ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों का गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ प्रमाणित गांवों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शिक्षा और छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, गणवेश, पाठ्यपुस्तकों एवं साइकिल वितरण की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी जर्जर भवन में कक्षाओं का संचालन न किया जाए। साथ ही आश्रम एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

दूरस्थ क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान

बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, इंटरनेट एवं बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार, ऑयल पाम की खेती को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में नगर पंचायत फरसगांव के अध्यक्ष श्री प्रशांत पात्र, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष श्री मानकू राम नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment