Buy Advt. Space

डीजल संकट पर भड़के किसान, भगदेवा पेट्रोल पंप पर जाम

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले डीजल की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर फूट पड़ा। उमरकोट (ओड़िशा)-कोंडागांव मार्ग स्थित भगदेवा HP पेट्रोल पंप के सामने सैकड़ों किसानों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। किसानों का आरोप है कि लगातार डीजल की मात्रा कम की जा रही है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

खेती के मौसम में बढ़ी किसानों की चिंता

किसानों ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के बाद खेतों की जुताई और अन्य कृषि गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे समय में पर्याप्त डीजल उपलब्ध नहीं होने से कृषि कार्य बाधित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि पहले 2000 रुपये, फिर 1000 रुपये और अब मात्र 500 रुपये का डीजल दिया जा रहा है, जो उनकी जरूरतों के मुकाबले बेहद कम है।

किसानों ने रखी डीजल उपलब्धता बढ़ाने की मांग

आंदोलन में शामिल किसानों ने प्रत्येक किसान को कम से कम 3000 रुपये का डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं कुछ किसानों ने 5000 रुपये तक का डीजल देने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी। किसानों का कहना है कि पर्याप्त डीजल नहीं मिलने से खेती का पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने भी उठाई किसानों की आवाज

जनपद सदस्य जेठूराम पोयाम ने कहा कि खेती के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण समय है और इतनी कम मात्रा में डीजल मिलने से किसानों का काम नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर को खेत तक ले जाने में ही लगभग 500 रुपये का डीजल खर्च हो जाता है। नेवता के संजय करण, किसान टीलाराम बघेल तथा माकड़ी ब्लॉक के दिनेश कुमार कश्यप ने भी किसानों की मांग का समर्थन करते हुए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

पेट्रोल पंप संचालक ने बताई स्टॉक की समस्या

बीएस एनर्जी पेट्रोल पंप के संचालक पुखराज बघेला ने किसानों के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार डब्बों में डीजल देना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 500 रुपये तक का डीजल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डिपो से पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिलने के कारण स्टॉक की समस्या बनी हुई है।

प्रशासन की समझाइश के बाद खत्म हुआ जाम

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान तैनात रहे। नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह ने किसानों को समझाइश देते हुए बताया कि दूर-दराज से आने वाले किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ डब्बों में डीजल प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और जागरूकता बढ़ाने का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान डीजल की कमी से उनकी आजीविका और कृषि उत्पादन दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

Leave a Comment