Buy Advt. Space

धनोरा आश्रम में छात्राओं को पॉक्सो और साइबर सुरक्षा की जानकारी मिली

By
Last updated:

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव के तत्वावधान में कन्या आश्रम धनोरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं सशक्त बनने का संदेश दिया गया।

न्यायिक अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन

यह शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री गायत्री साय एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी केशकाल श्रीमती सोम्या राय के निर्देशन में आयोजित किया गया।

पॉक्सो अधिनियम और ‘गुड टच-बैड टच’ की दी जानकारी

शिविर में पुलिस अधिकारी एवं अधिकार मित्र ने छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करता है तथा दोषियों के लिए कठोर दंड का प्रावधान करता है।

अधिकार मित्र चमेली यादव ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान, किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना डरे माता-पिता, शिक्षक, वार्डन अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने की सलाह दी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और संबंधित अधिकारियों से तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर

शिविर के दौरान छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इंटरनेट का सावधानीपूर्वक उपयोग कर वे साइबर अपराधों से स्वयं को सुरक्षित रख सकती हैं।

शोषण या हिंसा छिपाने के बजाय कानूनी सहायता लेने की अपील

विशेषज्ञों ने छात्राओं को समझाया कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या हिंसा की घटना को छिपाना नहीं चाहिए। ऐसी स्थिति में कानूनी सहायता लेकर न्याय प्रक्रिया में सहयोग करना आवश्यक है, ताकि दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई हो सके।

जागरूकता से बढ़ता है आत्मविश्वास

कार्यक्रम के अंत में आश्रम अधीक्षिका राधिका नाग ने कहा कि ऐसे विधिक जागरूकता शिविर छात्राओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करते हैं तथा उन्हें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर एसआई प्रदीप साहू, अधिकार मित्र चमेली यादव, आश्रम अधीक्षिका राधिका नाग सहित अन्य कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment