Buy Advt. Space

धान खरीदी घोटाले जांच मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र में धान खरीदी केंद्रों में कथित गड़बड़ी और घोटाले के आरोपों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मर्दापाल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मुलमूला केंद्र के बाद अन्य केंद्रों का किया निरीक्षण

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम ने बताया कि मुलमूला धान खरीदी केंद्र में सामने आए कथित घोटाले के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मर्दापाल क्षेत्र के पांचों धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में बड़ी मात्रा में धान की सुखती दिखाई गई।

इन केंद्रों में बताई गई धान की सुखती

कांग्रेस नेताओं के अनुसार सोनाबाल धान खरीदी केंद्र में 1597.43 क्विंटल, गोलावंड में 439.48 क्विंटल, मर्दापाल केंद्र में 1585.83 क्विंटल, नवागांव में 601.46 क्विंटल तथा बयानार केंद्र में 421.97 क्विंटल धान की सुखती दर्ज की गई है।

प्रबंधक और खरीदी प्रभारियों पर लगाए आरोप

ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम ने आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्रों में प्रबंधक और खरीदी प्रभारियों की मिलीभगत से यह घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में प्रशासनिक एवं राजनीतिक संरक्षण की आशंका भी है, इसलिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

किसानों पर पड़ता है घोटाले का असर

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घोटाला खरीदी प्रभारी और प्रबंधक करते हैं, लेकिन उसकी भरपाई समितियों को करनी पड़ती है, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ता है। उन्होंने इसे किसानों के साथ अन्याय बताया।

निष्पक्ष जांच नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने मांग की है कि सभी धान खरीदी केंद्रों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मामले में लीपापोती की गई तो कांग्रेस पार्टी मर्दापाल से कोंडागांव तक बड़ा प्रदर्शन करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे पदाधिकारी

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री रितेश पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन, सुखराम पोयाम, वरुण सेठिया, शहर महामंत्री सनी चोपड़ा, देव बघेल सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment