Buy Advt. Space

नवरात्र में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था, QR कोड से मिलेगी लोकेशन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। दंतेवाड़ा, नवरात्र पर्व के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन और मेले में शामिल होने के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायतों द्वारा ठहरने की व्यापक व्यवस्था की गई है। दंतेवाड़ा, गीदम और आसपास के क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों, धर्मशालाओं, रैन बसेरों तथा अन्य भवनों को श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए चिह्नित किया गया है। इन स्थलों तक आसानी से पहुंचने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से लोकेशन की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

दंतेवाड़ा शहर में ठहरने के लिए विशेष इंतजाम

दंतेवाड़ा शहर और मां दंतेश्वरी मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था की गई है। नवीन धर्मशाला भवन में 100, आश्रय स्थल में 50 और बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में 30 लोगों के रुकने की सुविधा उपलब्ध है।

इसी तरह वार्ड क्रमांक-02 स्थित शुभ लग्न वाटिका में 100 लोगों, पातररास सामुदायिक भवन में 25 लोगों तथा ग्राम पंचायत बालपेट के अंतर्गत भैरमबंद स्थित रीपा परियोजना भवन में 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

गीदम और आसपास के क्षेत्रों में भी व्यवस्था

गीदम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई भवनों को ठहरने के लिए चिह्नित किया गया है। तहसील कार्यालय के पास एनएच-63 मुख्य मार्ग से लगे श्रीराम धर्मशाला में 110 लोगों तथा पुराने बाजार के पीछे एनएच-63 से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित स्वर्णकार समाज मंगल भवन में 200 लोगों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध है।

इसके अलावा हाई स्कूल के पास स्थित नगर पंचायत गीदम के सांस्कृतिक भवन में 100 से 200 लोगों के रुकने की व्यवस्था है। वहीं, शक्तिस्थल के पास स्कूलपारा स्थित चितालंका सामुदायिक भवन में 50 लोगों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

अन्य भवनों में भी श्रद्धालुओं के रुकने की सुविधा

प्रशासन द्वारा केंद्रीय विद्यालय चौक और महतारी सदन के पास स्थित भवनों में भी श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर लगभग 50 से 60 लोगों के रुकने की सुविधा उपलब्ध है।

सभी चिह्नित स्थलों पर उपलब्ध क्षमता के अनुसार श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा दी जाएगी, ताकि नवरात्र के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच भक्तों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

क्यूआर कोड से मिलेगी ठहरने के स्थान की लोकेशन

श्रद्धालुओं को संबंधित भवनों तक पहुंचने में आसानी हो, इसके लिए प्रमुख ठहरने के स्थलों के क्यूआर कोड उपलब्ध कराए गए हैं। क्यूआर कोड स्कैन करके श्रद्धालु संबंधित स्थल की लोकेशन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे अनजान स्थान पर पहुंचने वाले भक्तों को ठहरने के लिए उपयुक्त जगह खोजने में सहूलियत होगी।

नोडल अधिकारियों से मिलेगी आवश्यक जानकारी

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए प्रशासन ने ठहरने के विभिन्न स्थलों के नोडल अधिकारियों और प्रभारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। इनमें महेश ठाकुर, राजेन्द्र सोनी, बुधराम यादव और उषा नगेश सहित संबंधित प्रभारी शामिल हैं। श्रद्धालु ठहरने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक जानकारी के लिए संबंधित प्रभारियों से संपर्क कर सकते हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा पर प्रशासन का जोर

जिला प्रशासन ने नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और व्यवस्थित ठहराव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। इसका उद्देश्य मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दूर-दराज से आने वाले भक्तों को ठहरने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराना और उन्हें संबंधित स्थलों तक आसानी से पहुंचने में मदद करना है।

Leave a Comment