Buy Advt. Space

कलेक्टर-एसपी ने कोचिंग में युवाओं को दिए सफलता टिप्स

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिला मुख्यालय स्थित लक्ष्य कोचिंग सेंटर में सोमवार को कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

तैयारी की स्थिति जानी, मेहनत पर दिया जोर

कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कोचिंग में अध्ययनरत युवाओं से उनकी तैयारी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और सही रणनीति से ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।

एसपी ने साझा किए सफलता के मंत्र

पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि निरंतर अभ्यास और आत्मविश्लेषण सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक टेस्ट के बाद उसका विश्लेषण करने और गलतियों को सुधारने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए, जिससे आत्मविश्वास बढ़ता है।

ग्रुप डिस्कशन को बताया उपयोगी

एसपी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में समूह चर्चा (ग्रुप डिस्कशन) को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे विषयों की समझ गहरी होती है और नई जानकारियां प्राप्त होती हैं, जिससे तैयारी अधिक प्रभावी बनती है।

उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

अंत में कलेक्टर एवं एसपी ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान एवं कोचिंग सेंटर के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment