ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
सीएम हेल्पलाइन और सुशासन तिहार के प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने शिविरों तथा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीकरण शिविर
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ कार्यक्रम के अंतर्गत 18 से 20 जून तक अनुभाग स्तर पर वृहद पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा शिविरों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों पर जोर
बैठक में आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर समाज कल्याण एवं आयुष विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
किसानों को समय पर मिले खाद और बीज
कलेक्टर ने कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा।
पेट्रोल पंपों की होगी सघन जांच
बैठक में पेट्रोल पंपों की सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों के आधार अपडेट संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम, नियंत्रण और उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, लखपति दीदी योजना, स्वामित्व योजना, जल जीवन मिशन तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








