Buy Advt. Space

कलेक्टर ने कोपाबेड़ा जलाशय और बम्हनी पुल का किया निरीक्षण

By

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और राहत व्यवस्था के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले में लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने शुक्रवार को कोपाबेड़ा जलाशय एवं बम्हनी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा, राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लोगों को सतर्क करने पर दिया जोर

कोपाबेड़ा जलाशय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जाए। उन्होंने आम नागरिकों से जलभराव और बाढ़ग्रस्त स्थानों से दूर रहने की अपील करने के साथ ही जलाशय के आसपास चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने और रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

कलेक्टर ने जलाशय के बढ़े हुए जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए जल निकासी मार्गों एवं नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके लिए जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों को समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि जलभराव की स्थिति को शीघ्र नियंत्रित किया जा सके।

क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खड़कघाट एवं बम्हनी पुल का भी जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन को सुरक्षित और सुचारु बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आर.एल. धीवर, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सचिन गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर श्री हरीश नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment