Buy Advt. Space

कॉटन गद्दा निर्माण इकाई का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

By

स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर दिया जोर

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को बड़ेकनेरा रोड स्थित प्रस्तावित कॉटन गद्दा निर्माण इकाई का निरीक्षण कर वहां संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इकाई की स्थापना से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वेस्ट मटेरियल से तैयार होंगे गद्दे और तकिए

कलेक्टर ने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री से प्राप्त कपड़ों के वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर गद्दे एवं तकिए तैयार करने की योजना की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य के लिए आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

युवाओं और महिलाओं को मिलेगा रोजगार

कलेक्टर ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण बैच तैयार किए जाएं, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को इसी यूनिट में रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने मांग के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर उत्पादन एवं कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मल्टीयूटिलिटी सेंटर निर्माण का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एनसीसी मैदान के समीप निर्माणाधीन मल्टीयूटिलिटी सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता श्री शिवम सोनी, लाइवलीहुड महाविद्यालय के प्रभारी अधिकारी श्री पुनेश्वर वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment