ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले के फरसगांव विकासखंड के दूरस्थ ग्राम चिंगनार में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
सांसद और विधायक रहे मुख्य अतिथि
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर सांसद भोजराज नाग और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित की।
माओवाद से मुक्ति के बाद बढ़ी विकास की गति
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि पहले माओवाद के प्रभाव के कारण क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया और बुनियादी ढांचे के कार्य प्रभावित थे, लेकिन अब स्थिति में सुधार हुआ है और विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
विधायक ने विकास और पर्यावरण पर दिया जोर
विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि अब क्षेत्र में शांति स्थापित होने से विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने वन पट्टा धारियों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की, साथ ही युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी जोर दिया।
115 आवेदन प्राप्त, कई का मौके पर समाधान
शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 49 का मौके पर निराकरण किया गया। इसके अलावा 81 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आयुष्मान और आधार कार्ड से जुड़े कई प्रकरणों का समाधान किया गया।
हितग्राहियों को सामग्री और योजनाओं का लाभ
विभिन्न विभागों द्वारा कई हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
- 5 हितग्राहियों को आवास पूर्ण होने पर प्रतीकात्मक चाबी वितरित
- 12 जॉब कार्ड और 11 श्रम कार्ड वितरित
- 16 किसानों को बी-1/डिजिटल किसान किताब प्रदान
- 24 जाति प्रमाण पत्र जारी
- 3 हितग्राहियों को बागवानी किट वितरण
- महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 8 हितग्राहियों को गोदभराई और अन्नप्राशन योजना का लाभ
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकु राम नेताम, जनपद सदस्य मंगतू राम ध्रुव, मंगू राम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








