Buy Advt. Space

भिलाई में कटार लेकर सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन, वायरल वीडियो पर केस

By
Last updated:

भिलाई/दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई से सार्वजनिक सुरक्षा को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है, जहां बीच सड़क पर धारदार हथियार (कटार) के साथ जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद छावनी थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला छावनी थाना क्षेत्र के कैम्प-02 भिलाई स्थित बैकुण्ठ धाम तालाब के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक सड़क पर वाहन खड़ा कर गाड़ी की बोनट पर आधा दर्जन केक रखकर कटार से केक काटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान युवक हाथों में पटाखे लेकर आतिशबाजी करते दिख रहे हैं, जिससे आम लोगों की आवाजाही बाधित हुई।

देर रात हुई घटना

छावनी थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक विनय रजक ने बताया कि यह वीडियो 9 जनवरी को पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो के अनुसार यह घटना 8 जनवरी 2026 की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की है।

सार्वजनिक मार्ग किया गया बाधित

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैम्प-02 क्षेत्र में बैकुण्ठ धाम तालाब के पास सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान न केवल हथियारों का प्रदर्शन किया गया, बल्कि पटाखों की आतिशबाजी भी की गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

नाबालिग निकले आरोपी

मामले की जांच में सामने आया है कि सड़क पर कटार और चाकू के साथ केक काटने तथा आतिशबाजी करने वाले अधिकांश युवक नाबालिग हैं। छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सभी आरोपी नाबालिग पाए गए हैं।

पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2) एवं 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। नाबालिग होने के कारण कानून के प्रावधानों के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी आरोपियों की सामाजिक पृष्ठभूमि की भी जानकारी जुटा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Comment