ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर निकली ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का कोंडागांव जिले के ग्राम कड़ेनार पहुंचने पर ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। नारायणपुर से बीजापुर के कर्रेगुट्टा के लिए निकली यह यात्रा उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व तथा वन मंत्री श्री केदार कश्यप की उपस्थिति में आगे बढ़ी।
तिरंगा लहराकर ग्रामीणों ने किया स्वागत
रैली के कड़ेनार पहुंचने पर मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने भारत माता की जय के नारों के साथ रैली का स्वागत किया।
जनप्रतिनिधियों और जवानों ने बढ़ाया उत्साह
‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ में जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों के जवानों और नागरिकों ने सहभागिता की। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप के साथ यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए और निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हुए।
बिहान की महिलाओं से उप मुख्यमंत्री ने किया संवाद
इस दौरान बिहान की महिलाओं ने भी उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का हार्दिक स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि शासन महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
ऑर्गेनिक खेती को ब्रांड बनाने की अपील
उप मुख्यमंत्री ने बिहान समूह की महिलाओं को गांव में की जा रही ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्थानीय जैविक उत्पादों को एक ब्रांड के रूप में स्थापित कर महिलाओं की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, विद्यार्थी एवं अन्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








