ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । बस्तर संभाग में सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों में अब तेजी देखने को मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने सोमवार को कोंडागांव में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बरसात में कटने वाले गांवों के लिए बनेंगी बारहमासी सड़कें
बैठक में सचिव श्री बंसल ने कहा कि बरसात के दौरान सड़क संपर्क से कट जाने वाले गांवों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बारहमासी सड़क और पुल निर्माण के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार कर शासन को भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त हो रहे बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण तेजी से किया जाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत द्रुतगामी सड़कों के निर्माण हेतु 15 अगस्त तक इस्टीमेट भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
ठेकेदारों को हर महीने हो भुगतान
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी ठेकेदार का भुगतान लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि कार्य की प्रगति के अनुसार हर महीने भुगतान सुनिश्चित किया जाए ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने ठेकेदारों से कहा कि कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं की जानकारी विभागीय अधिकारियों को तत्काल दें, ताकि उनका शीघ्र समाधान कर कार्यों में गति लाई जा सके।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
बैठक में श्री बंसल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन, सड़क और पुल निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में अच्छी गुणवत्ता के खिड़की, दरवाजे, टाइल्स, सेनेटरी सामग्री, नल और पेंट का उपयोग किया जाए। साथ ही अधिकारियों को नियमित फील्ड दौरा कर निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
लापरवाह ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई
सचिव श्री बंसल ने गुणवत्ताहीन कार्य करने और काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने, डिग्रेड करने और आवश्यक होने पर अनुबंध समाप्त करने की बात कही।
उन्होंने अधिकारियों को अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने, न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर शासन का जवाब प्रस्तुत करने तथा सर्किट हाउस एवं विश्राम गृहों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को भी कहा।
केशकाल घाटी बायपास कार्य में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के दौरान सचिव ने केशकाल घाटी बायपास सड़क निर्माण की समीक्षा करते हुए वन विभाग को पेड़ों की कटाई की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना में तेजी लाई जा सके।
खड़कघाट पुल निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
बैठक के बाद लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर निर्माणाधीन खड़कघाट पुल का निरीक्षण भी किया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 44 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इस उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यस्थल पर मशीनरी और श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कोंडागांव कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना, वन मंडलाधिकारी श्रीमती दिव्या गौतम, प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता श्री एम.एल. उरांव, श्री ज्ञानेश्वर कश्यप, अधीक्षण अभियंता श्री संजय सूर्यवंशी सहित तीनों जिलों के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता उपस्थित रहे।








