30 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीयन, नवंबर-दिसंबर में होंगे चरणबद्ध आयोजन
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा और रचनात्मकता को निखारने तथा उन्हें अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो गई है। खिलाड़ियों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों से बस्तर ओलंपिक में भाग लेने की अपील की है।
सेवा संकल्प अभियान में पंजीयन को लेकर किया गया प्रोत्साहित
गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम और जनपद उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों ने बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन कराने की घोषणा की। उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
जूनियर और सीनियर वर्ग में होंगे मुकाबले
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों तथा पुनर्वासित सदस्यों की प्रतिभागिता सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
नवंबर से शुरू होंगी चरणबद्ध प्रतियोगिताएं
बस्तर ओलंपिक के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए 1 से 30 अक्टूबर तक पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तथा संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित हैं।
कई खेल विधाओं में प्रतिभागियों को मिलेगा अवसर
बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स के तहत 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले जैसी स्पर्धाएं होंगी। इसके अलावा तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग के लिए रस्साकसी को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।
खिलाड़ियों से अधिक से अधिक पंजीयन की अपील
जिला प्रशासन ने युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को मंच देने के लिए बस्तर ओलंपिक में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। यह आयोजन बस्तर क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।








