ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र अभियान के तहत जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए 10,471 हस्तनिर्मित राखियां तैयार कर सम्मानपूर्वक प्रेषित कीं। अभियान का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश के मार्गदर्शन में किया गया।
राष्ट्ररक्षकों के प्रति सम्मान और स्नेह का संदेश
अभियान का उद्देश्य देश की सुरक्षा में निरंतर समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करना है। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर परिवारों से दूर रहकर राष्ट्र सेवा में लगे जवानों तक बहनों के प्रेम और शुभकामनाओं का संदेश पहुंचाने के लिए जिले के सभी विकासखंडों एवं परियोजनाओं के आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साहपूर्वक राखियां बनाई गईं।
राष्ट्रभक्ति की भावना से तैयार की गईं आकर्षक राखियां
जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने पूरे समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अभियान में भाग लेते हुए सुंदर एवं आकर्षक हस्तनिर्मित राखियां तैयार कीं। इन राखियों को पूर्व सैनिकों एवं अभियान के संयोजकों के माध्यम से सुरक्षा बलों के जवानों तक भेजा गया।
‘राखियां केवल धागे नहीं, सम्मान और विश्वास का प्रतीक’
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि देश के सैनिक कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुरक्षित रखते हैं। ऐसे वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। रक्षाबंधन पर भेजी गई ये राखियां केवल धागे नहीं, बल्कि जिले की माताओं, बहनों और आंगनबाड़ी परिवार की ओर से प्रेम, विश्वास, सम्मान और शुभकामनाओं का संदेश हैं।
जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए इस प्रकार का स्नेह और अपनापन अत्यंत प्रेरणादायक होता है। देशभर से मिलने वाली राखियां और शुभकामना संदेश उनके मनोबल को मजबूत करते हैं तथा यह विश्वास दिलाते हैं कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
अभियान से राष्ट्रीय एकता को मिलेगा बल
अभियान के संयोजक श्री महेन्द्र सिंह राणा एवं भूतपूर्व सैनिक श्री राजेश साहू ने जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के समर्पण, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति की भावना की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल समाज में सैनिकों के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।
रक्षाबंधन पर सैनिकों तक पहुंचा आत्मीयता का संदेश
ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र अभियान के माध्यम से कोंडागांव जिले ने यह संदेश दिया है कि देश की रक्षा में जुटे प्रत्येक सैनिक के साथ पूरा समाज खड़ा है। रक्षाबंधन के अवसर पर भेजी गई 10,471 हस्तनिर्मित राखियां सैनिकों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और राष्ट्रप्रेम का सशक्त प्रतीक बनकर उनके मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।








