Buy Advt. Space

कन्या छात्रावास अनंतपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

By

विश्व आदिवासी दिवस पर छात्राओं को अधिकारों एवं कानूनों की दी गई जानकारी

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कन्या छात्रावास अनंतपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में अधिकार मित्र सुप्रिया शील ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

विश्व आदिवासी दिवस और जनजातीय अधिकारों पर दी जानकारी

शिविर में विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही विश्व आदिवासी दिवस के महत्व तथा संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा इस दिवस की घोषणा के संबंध में बताया गया।

छात्राओं को अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों एवं उनके संवैधानिक दायित्वों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकतानुसार विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों की दी जानकारी

शिविर में छात्राओं को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और बाल तस्करी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के उपयोग की जानकारी दी गई।

साइबर अपराध और हेल्पलाइन 1930 के प्रति किया जागरूक

विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। छात्राओं को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

यातायात नियमों और स्वच्छता का दिया संदेश

शिविर में छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर सुरक्षित तरीके से आवागमन करने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही व्यक्तिगत एवं आसपास के वातावरण में स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

छात्रावास अधीक्षिका सहित अन्य रहे उपस्थित

विधिक जागरूकता शिविर में अधिकार मित्र सुप्रिया शील एवं छात्रावास अधीक्षिका रीता कावड़े उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को कानून, अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Comment