ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला कोंडागांव द्वारा जिला मुख्यालय स्थित ऑक्शन हॉल में रविवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सामाजिक जन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मुख्य वक्ता ने रखे बाबा साहब के विचार
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित श्री निवास राव मद्दी ने डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक समानता, न्याय और अधिकारों की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया। भारतीय संविधान के माध्यम से उन्होंने देश के हर नागरिक को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया उनके जीवन का महत्व
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सेवकराम नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर का पूरा जीवन समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने संविधान के जरिए देश को लोकतांत्रिक और न्यायपूर्ण व्यवस्था प्रदान की। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा लगातार बाबा साहब के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार
संगोष्ठी में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नपा उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी तथा एम.डी. बघेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के सामाजिक, राजनीतिक और वैचारिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
ये रहे प्रमुख उपस्थितजन
संगोष्ठी में भाजपा जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल, आकाश मेहता, प्रेम सिंह नाग, जितेंद्र सुराना सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








