दुर्ग ।सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बाद दुर्ग नगर पालिक निगम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर अब तेजी से बायोडिग्रेडेबल और बायोप्लास्टिक की ओर बढ़ रहा है। बाजारों में इन पर्यावरण मित्र बैगों की मांग बढ़ रही है और सबसे अच्छी बात यह है कि इनकी कीमत भी बेहद किफायती है।
नगर निगम सीमा क्षेत्र के थोक और फुटकर विक्रेताओं की दुकानों पर अब विभिन्न प्रकार के बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक कैरी बैग और डिस्पोजेबल उत्पाद उपलब्ध हैं। इन बैगों का उत्पादन स्थानीय स्तर पर शुरू हो चुका है, जिससे न केवल पर्यावरण की रक्षा होगी, बल्कि स्थानीय उद्यमियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
पर्यावरण के लिए वरदान बने बायोप्लास्टिक बैग
बायोडिग्रेडेबल कैरी बैग मक्का स्टार्च और अन्य पौधों से तैयार किए जाते हैं, जो इन्हें पूरी तरह खाद बनाने योग्य और प्राकृतिक रूप से विघटित होने योग्य बनाते हैं। ये पारंपरिक प्लास्टिक बैग्स की तरह पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचाते, न ही हानिकारक रसायनों का उत्सर्जन करते हैं।
महापौर व आयुक्त ने की अपील
महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने शहर के व्यापारियों, दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे पारंपरिक पॉलीथिन बैग्स को त्यागें और बायोप्लास्टिक बैग्स को अपनाएं।
उन्होंने कहा,
“इन बैग्स का उपयोग न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाएगा, बल्कि यह हमारी अगली पीढ़ियों को एक स्वस्थ भविष्य देने की दिशा में एक मजबूत कदम होगा। यह उत्पाद स्वास्थ्य के लिए भी सुरक्षित हैं और खाद्य पदार्थों को स्टोर करने के लिए उपयुक्त हैं।”
आसानी से उपलब्ध
बायोप्लास्टिक बैग्स अब शहर के प्रमुख बाजारों और स्थानीय किराना दुकानों में भी उपलब्ध हैं। नागरिकों को इन्हें अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
स्वच्छता की ओर एक कदम
महापौर ने अंत में कहा,
“शहर के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। आइए, आज ही पॉलीथिन को अलविदा कहें और बायोडिग्रेडेबल बैग्स को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।”








