दुर्ग ! डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आज नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा वार्ड क्रमांक 60, पटरीपार क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन की अगुवाई दुर्ग की प्रथम नागरिक महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने की। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और औषधीय पौधे जैसे पीपल, बरगद, नीम, बादाम व सिंदूर रोपे गए।
इस अवसर पर महापौर बाघमार ने कहा, “आज हमारे शहर को सबसे ज्यादा जरूरत हरियाली की है। हम सबको अपने घर और मोहल्ले में एक-एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब हम मिलकर उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास करें।”
महापौर ने यह भी कहा कि यह आयोजन केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पर्यावरण की रक्षा और उसके प्रति हमारी जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करना चाहिए। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान को व्यक्तिगत संकल्प के रूप में अपनाएं और अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में किया गया, जो न केवल एक महान शिक्षाविद थे, बल्कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक भी थे। इस आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया और साथ ही उनके योगदान को याद किया गया।
उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण
कार्यक्रम में पूर्व महापौर श्रीमती चंद्रिका चंद्राकर, श्री अरुण सिंह, श्रीमती सुरुचि उमरे, श्री युवराज कुंजाम, मंडल अध्यक्ष श्री मनमोहन शर्मा, श्रीमती जयश्री राजपूत, श्री प्रमोद पाटिल, श्रीमती रेवती कुटेल, श्रीमती सुधा सिंह, श्री संतोष बलराम, श्री प्रीतम रमेश, श्री अनूप, श्री प्रशांत, श्रीमती मौसमी ताम्रकार, श्रीमती अंजू तिवारी, श्री यश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर नगर हुआ हरित अभियान से रोशन — महापौर अलका बाघमार ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश








