कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री श्री केदार कश्यप द्वारा कोंडागांव वनमंडल अंतर्गत ग्राम गोलावण्ड में तेन्दूपत्ता फड़ संग्रहण वर्ष 2025 का निरीक्षण वनमंडलाधिकारी श्री चुड़ामणी सिंह, संयुक्त वनमंडलाधिकारी श्री आशीष कुमार कोट्रिवार एवं उप प्रबंध संचालक श्री एस. के. नाग की उपस्थिति में किया गया। गोलावण्ड फड़ में तेन्दूपत्ता संग्रहण लक्ष्य 120.000 मानक बोरा में से अब तक 74.695 मानक बोरा संग्रहण किया गया है। कोंडागांव वनमंडल में 13 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 246 तेन्दूपत्ता संग्रहण फड़ स्थापित है जिनमें तेन्दूपत्ता संग्रहण लक्ष्य कुल 19200.000 मानक बोरा में से अब तक कुल 10093.994 मानक बोरा संग्रहण किया गया है। बस्तर संभाग में वर्ष 2025 में विभागीय तेन्दूपत्ता संग्रहण का निर्णय शासन द्वारा लिया गया है।
वन मंत्री द्वारा निरीक्षण के दौरान अच्छी गुणवत्ता का पत्ता संग्रहण करने एवं समय पर पारिश्रमिक दर का भुगतान करने के निर्देश दिये गये। वन मंत्री द्वारा संग्राहकों से सीधी बातचीत किया गया एवं तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के लिये सामाजिक, आर्थिक कल्याणकारी योजनाए संचालित होना बताया गया। तेन्दूपत्ता संग्राहकों द्वारा तेन्दूपत्ता संग्रहण की पारिश्रमिक दर 4000 से बढ़ाकर 5500.00 रू. प्रति मानक बोरा होने पर खुशी जाहिर करते हुये वन मंत्री का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।








