ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कोण्डागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोमवार को ग्राम धनोरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम जामगांव में 35 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 132/33 के.वी. विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया। इस उपकेंद्र के शुरू होने से केशकाल और बड़े राजपुर विकासखंड के लगभग 185 गांवों के 51 हजार 726 बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को बेहतर बिजली सुविधा मिल सकेगी।
132/33 के.वी. विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती, कलार समाज महोत्सव एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कुल 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।
इसी क्रम में जामगांव में नवनिर्मित 132/33 के.वी. विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। 35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस उपकेंद्र से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती से मिलेगी राहत
केशकाल क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से बार-बार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। इसके कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
विशेषकर खेती-किसानी के दौरान सिंचाई के लिए विद्युत पंप चलाने में किसानों को पर्याप्त वोल्टेज और नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से कठिनाइयां होती थीं। अब जामगांव में नए विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से इन समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है। इससे ग्रामीणों को बेहतर और सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
केशकाल और बड़े राजपुर के 185 गांव होंगे लाभान्वित
नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र से दो विकासखंडों के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें केशकाल विकासखंड के 121 गांव और बड़े राजपुर विकासखंड के 64 गांव शामिल हैं। इस प्रकार कुल लगभग 185 गांवों के 51 हजार 726 बिजली उपभोक्ता इस सुविधा से लाभान्वित होंगे।
उपकेंद्र के संचालन से विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार होगा।
किसानों और ग्रामीण परिवारों को मिलेगी सुविधा
बेहतर बिजली आपूर्ति का सीधा लाभ किसानों और ग्रामीण परिवारों को मिलेगा। किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए विद्युत पंपों के संचालन में सहूलियत होगी। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित बिजली मिलने से दैनिक कार्यों में आसानी होगी।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे व्यवसायों और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बेहतर विद्युत सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने में मदद मिलेगी।
जिले की विद्युत व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
जामगांव में 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह विद्युत उपकेंद्र कोण्डागांव जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे केशकाल और बड़े राजपुर विकासखंड के गांवों में बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने के साथ जिले की समग्र विद्युत व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा बस्तर आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा तथा जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।








