Buy Advt. Space

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

By

सभी धान खरीदी केंद्रों में बारदाना, ऑपरेटर और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। धान खरीदी को सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने बुधवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में ऑपरेटरों की उपलब्धता, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था और पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही जिला मुख्यालय में कमांड सेंटर स्थापित करने तथा अवैध धान परिवहन पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए चेक पोस्ट बनाने पर भी चर्चा की गई।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

शासन की योजनाओं की प्रगति की भी हुई समीक्षा

समय-सीमा की बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, हर घर नल से जल योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश सभी विभागीय अधिकारियों को दिए।

बस्तर मुन्ने अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत शासकीय योजनाओं के सेचुरेशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पोर्टल पर हितग्राहियों की जानकारी दर्ज किए जाने की स्थिति का भी जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने तथा पोर्टल में हितग्राहियों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश

बैठक में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के निराकरण में सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Related News

Leave a Comment