ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव, आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 को लेकर निर्वाचन विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में 7 नवम्बर 2026 को जनपद पंचायत कोण्डागांव के सभाकक्ष में विधानसभा क्षेत्र कोण्डागांव एवं विधानसभा क्षेत्र नारायणपुर (आंशिक) के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोण्डागांव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उससे संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षक ने दी SSR 2027 की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षक श्री हिमांशु सिन्हा ने BLO को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन, दावा-आपत्तियां प्रस्तुत करने की अवधि और उनके निराकरण की प्रक्रिया को समझाया।
साथ ही अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण एवं अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।
4 जनवरी 2027 को होगा निर्वाचक नामावली का प्रकाशन
प्रशिक्षण में मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियों पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, दावा-आपत्तियों की प्राप्ति, उनके निराकरण और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री अश्वन कुमार पुसाम के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार कोण्डागांव श्री मनोज कुमार रावटे, तहसीलदार मर्दापाल श्री विजय प्रताप, नायब तहसीलदार श्री नरेन्द्र सिंह, जिला स्तरीय प्रशिक्षक श्री अजीत जोसफ एवं निर्वाचन तकनीकी सहायक श्री जुबेर खान उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य BLO को SSR 2027 की प्रक्रिया से अवगत कराना तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराने के लिए तैयार करना रहा।








