Buy Advt. Space

दीपावली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों में चला विशेष जांच अभियान, 7 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा कोण्डागांव नगर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। 04 नवंबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 07 खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए।

घी से लेकर मिठाइयों तक के नमूने संकलित

नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ श्री दीपक अग्रवाल के आदेशानुसार, जिला कलेक्टर के निर्देशन एवं अभिहित अधिकारी के नेतृत्व में यह जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की।

इस दौरान घी, केक, कुंडा, गुलाब जामुन, बर्फी, पेड़ा एवं बेसन लड्डू के कुल 07 नमूने लिए गए।

दो प्रतिष्ठानों को जारी किया गया सुधार सूचना पत्र

निरीक्षण के दौरान दो खाद्य प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, रखरखाव एवं भंडारण में आवश्यक स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रयोगशाला में होगी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच

अभियान के दौरान संकलित सभी खाद्य नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

खाद्य सुरक्षा के लिए जारी रहेगी कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

Related News

Leave a Comment